नेपाल आपदा में मृतकों की संख्या 1,344 पहुंची, अब तक सिर्फ 96 शवों की पहचान

05 Sep 2026 14:02:53

-लापता लोगों की संख्या पांच हजार, 13 हजार से अधिक लोग बचाए गए

काठमांडू, 05 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में 26 अगस्त को विनाशकारी हिमस्खलन और अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया।इस त्रासदी के दसवें दिन शनिवार को रसुवा समेत बाढ़ प्रभावित विभिन्न जिलों में अब तक 1,344 लोगों के शव मिलने की पुष्टि हुई है।

नेपाल सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से शनिवार दोपहर 1 बजे जारी अपडेट के मुताबिक, रसुवा में 160, नुवाकोट में 192, धादिंग में 67, गोरखा में 73, तनहुँ में 38, नवलपरासी पूर्व में 222, नवलपरासी पश्चिम में 230 और चितवन में 360 लोगों के शव बरामद हुए। वहीं, काठमांडू में उपचार के दौरान 2 लोगों की मौत हुई है।

अब तक मिले शवों में 269 महिलाएं, 489 पुरुष, 52 बालिकाएं और 33 बालक हैं। इसके अलावा 501 मानव अवशेष बरामद किए गए हैं। सरकार के मुताबिक, अबतक केवल 96 शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों को सौंपा जा सका है।

सरकारी अपडेट के अनुसार, बाढ़ और आपदा के बाद करीब 5,000 लोग अभी भी संपर्कविहीन हैं। इनमें रसुवा और नुवाकोट के नेपाली नागरिकों के साथ 589 विदेशी नागरिक तथा करीब 100 सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी शामिल हैं।

बचाव अभियान के तहत अबतक 13,089 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की ओर से लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0