चीन ने पहली बार मौत का आंकड़ा किया सार्वजनिक, अब तक 31 शव बरामद और 531 लोग लापता

05 Sep 2026 08:59:53
चीन के करूंग नाका पर रहा इमिग्रेशन भवन


काठमांडू, 05 सितंबर (हि.स.)। नेपाल-चीन सीमा स्थित गिरोंग क्षेत्र में 26 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद नदी में आई बाढ़ से सीमा क्षेत्र में चीन के तरफ रहे इमिग्रेशन एवं कस्टम भवन से शुक्रवार शाम 6 बजे तक 31 लोगों के शव बरामद होने तथा 531 लोगों के संपर्कविहीन होने की आधिकारिक जानकारी चीन के तरफ से दी गई है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक भूस्खलन के बाद नदी में आई बाढ़ में इस भवन में रहे 531 लोग लापता हैं। एजेंसी के मुताबिक बचावकर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र से 987 व्यक्तिगत सामान बरामद किए हैं।

चीनी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तक जी-216 बचाव मार्ग का निरीक्षण करने के दौरान संभावित भूगर्भीय आपदा के 58 स्थानों की पहचान की गई है।

चीनी अधिकारियों ने दावा किया हैं कि सीमा क्षेत्र में संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का निरीक्षण और जोखिम आकलन भी पूरा कर लिया है। इसके साथ ही दो अस्थायी आपातकालीन आश्रयस्थलों के लिए स्थानों का चयन किया गया है।

विनाशकारी भूस्खलन के कारण गिरोंग बंदरगाह से होकर बहने वाली बाढ़ ने कई इमारतों और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को नष्ट कर दिया। इसके अलावा, गिरोंग बंदरगाह की ओर जाने वाले जी-216 राजमार्ग का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0