इंडोनेशिया मास्टर्स: अनमोल खरब सेमीफाइनल में हारीं, चीन की शू वेन जिंग ने दी मात

05 Sep 2026 14:43:53
भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अनमोल खरब


पोंटियानक, 05 सितंबर (हि.स.)। भारत की तीसरी वरीय अनमोल खरब को इंडोनेशिया मास्टर्स 2026 के महिला एकल सेमीफाइनल में चीन की विश्व नंबर 81 शू वेन जिंग के खिलाफ 16-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा। पश्चिम कालीमंतान के पोंटियानक में शनिवार को खेले गए मुकाबले में शू वेन जिंग ने 49 मिनट में सीधे गेमों में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

अनमोल ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत करते हुए 4-1 की बढ़त बनाई लेकिन शू वेन जिंग ने वापसी करते हुए स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। मध्यांतर तक चीनी खिलाड़ी 11-9 से आगे थीं। ब्रेक के बाद अनमोल ने जोरदार वापसी करते हुए 12-12 से बराबरी की और 13-12 की बढ़त भी हासिल की। हालांकि शू वेन जिंग ने फिर स्कोर 13-13 और 14-14 से बराबर किया और 18-16 की बढ़त बनाने के बाद पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में अनमोल ने 5-2 की बढ़त के साथ शुरुआत की और इसे बढ़ाकर 9-4 कर दिया। शू वेन जिंग ने अंतर कम करते हुए स्कोर 10-6 किया लेकिन अनमोल ने मध्यांतर तक 11-7 की बढ़त बनाए रखी।

मध्यांतर के बाद शू वेन जिंग ने लगातार अंक हासिल करते हुए 11-11 से बराबरी कर ली और फिर 12-11 की बढ़त बना ली। अनमोल ने 13-12 से फिर बढ़त हासिल की और स्कोर 15-13 किया लेकिन चीनी खिलाड़ी ने एक बार फिर वापसी करते हुए 16-16 से बराबरी कर ली।

इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। स्कोर 17-17 और फिर 19-19 रहा। शू वेन जिंग ने 20-19 पर मैच प्वाइंट हासिल किया और अगले अंक के साथ गेम 21-19 से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

महिला एकल के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की मानसी सिंह का सामना कनाडा की रेचल चान से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0