उपराष्ट्रपति 6 से 9 सितंबर तक पूर्वोत्तर के चार राज्यों के दौरे पर रहेंगे

05 Sep 2026 16:23:53
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 6 से 9 सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे।

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने शनिवार को बताया कि उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन 6 सितंबर को असम के गुवाहाटी पहुंचेंगे। वह गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। यह संस्थान पहले कन्या महाविद्यालय के नाम से जाना जाता था। इसके बाद वह गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (एसएसयूएचएस) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।

उपराष्ट्रपति 7 सितंबर को गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय के कन्वेंशन सेंटर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। बाद में वह मेघालय की राजधानी शिलांग पहुंचेंगे, जहां सोसो थाम ऑडिटोरियम में उनके सम्मान में आयोजित सार्वजनिक अभिनंदन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उपराष्ट्रपति 8 सितंबर को मणिपुर के इंफाल का दौरा करेंगे। वह मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय एवं युद्ध स्मारक तथा सैनिक स्कूल इंफाल जाएंगे। इसके बाद वह अरुणाचल प्रदेश के इटानगर के लिए रवाना होंगे।

यात्रा के अंतिम दिन 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे और विधानसभा गैलरी-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे। वह इटानगर स्थित न्येदार नामलो, जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय तथा श्रवण और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संचालित डोनी पोलो मिशन स्कूल का भी दौरा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0