एनसीडब्ल्यू की 'शी इज ए चेंजमेकर' कार्यशाला सात सितंबर से, 22 राज्यों की महिला विधायक लेंगी हिस्सा

05 Sep 2026 19:44:53
राष्ट्रीय महिला आयोग


नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) महिला विधायकों के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला 'शी इज ए चेंजमेकर ' आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यशाला 7-8 सितंबर को ताज सूरजकुंड, फरीदाबाद में होगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के नेतृत्व में हो रहे इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार कार्यशाला में देश के करीब 22 राज्यों की महिला विधायक हिस्सा लेंगी। दो दिनों तक जेंडर-रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस, प्रभावी नेतृत्व, जेंडर बजटिंग, महिला अधिकारों की सुरक्षा, संकट में महिलाओं के लिए सहायता तंत्र और स्वयं सहायता समूहों के जरिए आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

विजया रहाटकर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महिलाओं की शासन में सार्थक भागीदारी समावेशी समाज के लिए जरूरी है। इस पहल का मकसद महिला विधायकों को नीति-निर्माण में बराबर का भागीदार बनाना है।

उन्होंने बताया कि आयोग अपने इस फ्लैगशिप अभियान के तहत अब तक देशभर में निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के लिए 200 से अधिक क्षमता-निर्माण कार्यक्रम आयोजित कर चुका है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0