बांदा मिनी ओलंपिक का भव्य समापन, खिलाड़ियों की जीत पर गूंजा इंडोर हाल

06 Sep 2026 17:16:53
खिलाड़ी को सम्मानित करते अधिकारी


जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विजेताओं को बांटे मेडल, बोले-नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें युवा

बांदा, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में खेलों के रोमांच, खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की गगनभेदी तालियों के बीच रविवार को बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण का भव्य समापन हुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हाल में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने युवाओं से नशे जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार किए जाएंगे।

कबड्डी में जेएन योद्धा बना चैंपियन

समापन समारोह के दौरान कबड्डी का फाइनल मुकाबला खास आकर्षण का केंद्र रहा। जेएन योद्धा और जेएन कॉलेज के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में जेएन योद्धा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40-26 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

महिला और पुरुष वर्ग की रस्साकसी प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। जोरदार मुकाबलों के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और इंडोर हाल लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

पांडा और भालू दादा ने बढ़ाया उत्साह

समारोह में उस समय खासा उत्साह देखने को मिला, जब बांदा मिनी ओलंपिक का शुभंकर पांडा अपने साथी भालू दादा के साथ इंडोर हाल में पहुंचा। दोनों शुभंकरों की एंट्री होते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया और पूरा हाल उत्साह से भर उठा।

वालीबाल, बैडमिंटन और ताइक्वांडो के विजेता सम्मानित

जिलाधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के नेतृत्व वाली वालीबाल सीनियर पुरुष वर्ग की विजेता बांदा स्टेडियम टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

बैडमिंटन पुरुष एकल ओपन वर्ग में अजफर ने स्वर्ण और अर्श सईद ने रजत पदक जीता। महिला ओपन एकल में गौरी को स्वर्ण और मांडवी को रजत पदक मिला। अंडर-15 बालिका एकल में अपूर्वा को स्वर्ण तथा गरिमा को रजत पदक प्रदान किया गया।

ताइक्वांडो अंडर-21 वर्ग में श्रेयांस ने स्वर्ण, कबीर ने रजत और आरएस अथान ने कांस्य पदक हासिल किया। श्रेयांस का नाम घोषित होते ही मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

शतरंज प्रतियोगिता में शुभ सोनी को स्वर्ण पदक मिला। टेबल टेनिस जूनियर बालिका एकल में वैभवी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द की रागनी को रजत पदक से सम्मानित किया गया।

शूटिंग में भी दिखा खिलाड़ियों का निशाना

शूटिंग प्रतियोगिता में आरव, यशवंत द्विवेदी, श्रेया, नंदिनी, स्मृति और सुमित को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं ओपन पुरुष वर्ग में डिप्टी लेबर कमिश्नर नासिर खान को भी स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन से जुड़े लोगों को मिला प्रशस्ति पत्र

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, आयोजन सचिव एवं महासचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह, मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. इन्द्रवीर सिंह, सुनील सक्सेना और महेश साहिल ने किया। बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण के समापन के साथ ही खिलाड़ियों में आगामी प्रतियोगिताओं के लिए नया उत्साह दिखाई दिया। समारोह ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त, स्वस्थ समाज बनाने का संदेश भी दिया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Powered By Sangraha 9.0