नेपाल में बाढ़ की तबाही: 1,344 शव बरामद, 4,996 लोग अब भी लापता

06 Sep 2026 12:57:54
भारत का रेस्क्यू ऑपरेशन


काठमांडू, 06 सितंबर (हि.स.)। नेपाल सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बाढ़ के बाद जारी खोज, बचाव और राहत अभियान का ताजा अपडेट जारी किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित विभिन्न जिलों में अब तक 1,344 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, लेकिन इनमें सिर्फ 18 की पहचान हो सकी है।

प्राधिकरण के मुताबिक, रसुवा में 163, नुवाकोट में 195, धादिंग में 67, गोरखा में 74, तनहूं में 38, नवलपरासी पूर्व में 222, नवलपरासी पश्चिम में 220 और चितवन में 362 शव बरामद हुए हैं।

वहीं, करीब 4,996 लोग अब भी संपर्कविहीन हैं। इनमें रसुवा के करीब 1,967 और नुवाकोट के 2,340 नेपाली नागरिकों के अलावा करीब 589 विदेशी नागरिक तथा करीब 100 सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी शामिल हैं।

राहत एवं बचाव अभियान के तहत अब तक 13,904 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें नेपाली सेना ने 4,162, नेपाल पुलिस ने 4,065 और सशस्त्र पुलिस बल ने 4,674 लोगों का रेस्क्यू किया है। नेपाली सेना ने हवाई मार्ग से 275 विदेशी और 3,687 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित निकाला, जबकि 200 लोगों को जमीनी रास्ते से बचाया गया।

बाढ़ में घायल 6,075 लोगों का उपचार किया जा चुका है। इनमें विभिन्न अस्पतालों में 316, नेपाली सेना के माध्यम से 3,297 और सशस्त्र पुलिस बल के माध्यम से 2,462 घायलों का इलाज किया गया।

प्राधिकरण के अनुसार, रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और काठमांडू में 39 होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं। इन केंद्रों में फिलहाल कुल 3,652 लोग रह रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0