
नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे को लेकर सरकार पर जवाबदेही नहीं तय करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हादसों की रोकथाम में विफल रहने के बाद सरकार केवल बयानबाजी करती है और असली दोषी जवाबदेही से बच जाते हैं।
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सत्य निकेतन में छात्रों से भरी इमारत का गिरना कोई अकेली त्रासदी नहीं है। पिछले चार महीनों में सैदुलाजाब और हौजरानी में भी ऐसी घटनाओं में कई लोगों की जान गई लेकिन कार्रवाई दिखाई नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि जवाबदेही मांगने वालों को अपमानजनक विशेषण देकर चुप कराने का प्रयास किया जाता है। सवाल उठाने वालों को शर्मिंदा और बदनाम करने की कोशिश की जाती है।
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन मूल मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया। दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी जवाबदेही दिखाई नहीं दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर