ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

07 Sep 2026 10:39:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल लाल निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिका में ब्याज दर में बढ़ोतरी होने की आशंका की वजह से पिछले सत्र के दौरान निगेटिव सेंटीमेंट्स का दबाव बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक कमजोरी के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 272.51 अंक यानी 0.51 प्रतिशत लुढ़क कर 53,413.60 अंक के स्तर पर आ गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.38 प्रतिशत टूट कर 7,718.60 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,506.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 193.53 अंक यानी 0.36 प्रतिशत फिसल कर 53,220.72 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। सीएसी इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,278.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स ने 0.17 प्रतिशत उछल कर 26,046.40 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं लंदन स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से पिछले सत्र के दौरान एफटीएसई इंडेक्स में कोई हलचल नहीं हुई।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,894.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.24 प्रतिशत फिसल कर 3,920.70 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 269.87 अंक यानी 1.05 प्रतिशत लुढ़क कर 25,381 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.10 प्रतिशत टूट कर 5,796.21 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 1,254.06 अंक यानी 1.93 प्रतिशत की मजबूती के साथ 66,275 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 681.66 अंक यानी 1.46 प्रतिशत उछल कर 47,232.79 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 225.97 अंक यानी 3.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,913.18 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,615.31 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ 6,637.13 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0