ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर बुकिंग की अवधि 45 से घटकर हुई 25 दिन: पेट्रोलियम राज्यमंत्री

07 Sep 2026 17:52:53
एलपीजी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


सरकार की ओर से जारी पत्र का चित्र


कहा-शहरी और ग्रामीण इलाकों के लिए एलपीजी रिफिल बुकिंग का समय एक जैसा होगा

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 07 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की दोबारा बुकिंग का समय अंतराल को अब 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने यह जानकारी दी है।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि सरकार ने तेल एवं गैस विपणन कंपनियों को ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग का अंतराल तत्काल प्रभाव से 25 दिन करने को कहा है।

सुरेश गोपी ने बताया कि पश्चिम एशिया में संकट की वजह से एलपीजी आपूर्ति पर बने दबाव के बीच घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग का अंतराल शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि अब देश के शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग का नियम एक समान 25 दिन हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, अब एलपीजी आपूर्ति की स्थिति में सुधार और रिफिल के लंबित मामलों में उल्लेखनीय गिरावट को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस पाबंदी में ढील दी है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सभी घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर की दोबारा बुकिंग करा सकेंगे।’’

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से तेल एवं गैस विपणन कंपनियों को भेजे गए पत्र की प्रति को साझा किया है। इस पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए घरेलू रसोई गैस बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा गया है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का एलपीजी बुकिंग अंतराल पश्चिम एशिया संकट के समय से ही लागू है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0