
विदिशा, 06 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्रीद्वय शिवराज सिंह चौहान और डॉ. जितेन्द्र सिंह मंगलवार, 08 सितंबर को मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद रहेंगे।
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अविनाश लाघवारे ने सोमवार को बताया कि संस्थान में कैंसर मरीजों के उपचार की सुविधाओं में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट का उद्घाटन समारोह मंगलवार, 08 सितंबर को दोपहर एक बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय एवं राज्य स्तर के जनप्रतिनिधियों, चिकित्सा विशेषज्ञों तथा वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस नई सुविधा के शुरू होने से कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी उपचार के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अतिथियों का मेडिकल कॉलेज में आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके बाद कॉलेज काउंसिल रूम में चाय के साथ समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रम से संबंधित चर्चा होगी। तत्पश्चात अतिथिगण कॉलेज से एलटी-2 स्थित उद्घाटन समारोह स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। समारोह स्थल पर पहुंचने के बाद सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना की जाएगी। इसके उपरांत अतिथियों का मंच पर स्वागत एवं अभिनंदन होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का संबोधन होगा। इसके बाद अतिथियों द्वारा विधिवत कीमोथेरेपी डे-केयर सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन के उपरांत अतिथिगण सेंटर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करेंगे।
कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. लाघवारे ने बताया कि कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट के संचालन से कैंसर मरीजों को उपचार के लिए एक समर्पित एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी। डे-केयर मॉडल के माध्यम से निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कीमोथेरेपी प्राप्त करने वाले मरीजों को उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को उपचार प्रक्रिया के दौरान बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर