रूस ने सेंट पीटर्सबर्ग स्थित जर्मन वाणिज्य दूतावास बंद करने का दिया आदेश

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |

मॉस्को, 07 सितंबर (हि.स.)। रूस ने जर्मनी के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए सेंट पीटर्सबर्ग स्थित जर्मन महावाणिज्य दूतावास को बंद करने का आदेश दिया है। यह कदम बर्लिन द्वारा बॉन स्थित रूसी वाणिज्य दूतावास और बर्लिन में रूसी सांस्कृतिक केंद्र को बंद करने के निर्णय के जवाब में उठाया गया है।

रूस के विदेश मंत्रालय के मुताबिक सेंट पीटर्सबर्ग स्थित जर्मन वाणिज्य दूतावास को 18 सितंबर तक अपना संचालन पूरी तरह बंद करना होगा। इसके साथ ही रूस में जर्मनी के गोएथे-इंस्टीट्यूट के सांस्कृतिक केंद्रों की गतिविधियां भी बंद करने का आदेश दिया गया है। वहां तैनात कर्मचारियों को 13 सितंबर तक रूस छोड़ने को कहा गया है।

जर्मनी ने यह कार्रवाई लीपजिग/हाले हवाई अड्डे पर कथित ड्रोन हमले के प्रयास को लेकर की थी। बर्लिन ने इसके लिए मॉस्को को जिम्मेदार ठहराया, जबकि रूस ने इस आरोप को निराधार और मनगढ़ंत बताया है।

रूसी विदेश मंत्रालय ने जर्मनी पर दोनों देशों के संबंधों में एक और तनाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा स्थिति के परिणामों की पूरी जिम्मेदारी जर्मन सरकार की होगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags