बेलग्रेड, 07 सितंबर (हि.स.)। सर्बिया के प्रधानमंत्री ज्यूरो मैकुट ने सोमवार को संसद भंग करने की औपचारिक सिफारिश कर दी। इसके साथ ही देश में अक्टूबर में मध्यावधि संसदीय चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। यह फैसला करीब दो वर्षों से जारी राजनीतिक अस्थिरता और बड़े पैमाने पर हो रहे प्रदर्शनों के बीच लिया गया है।
मैकुट ने सरकार की विशेष बैठक के बाद टेलीविजन प्रसारण में कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और राजनीतिक तनाव कम करने में मदद करेंगे। अब राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच के पास संसद भंग करने के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए 72 घंटे का समय है।
सर्बिया में मौजूदा राजनीतिक संकट की शुरुआत नवंबर 2024 में नोवी साद रेलवे स्टेशन की छतरी गिरने की घटना के बाद हुई थी। हादसे में 16 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद छात्रों के नेतृत्व में देशभर में सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू हुए। प्रदर्शनकारी इस मामले में जवाबदेही और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
छात्र आंदोलन ने आगामी चुनाव में उतरने की घोषणा की है, जिससे सत्तारूढ़ सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी (एसएनएस) के सामने मजबूत चुनौती खड़ी हो सकती है। एसएनएस ‘यूनाइटेड सर्बिया’ नाम से चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
यूरोपीय संघ भी चुनाव पर करीबी नजर रखेगा। सर्बिया की ईयू सदस्यता प्रक्रिया कानून के शासन, मीडिया स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मानकों को लेकर चिंताओं के बीच पहले ही धीमी पड़ी है। रूस के खिलाफ ईयू प्रतिबंधों से दूरी बनाए रखना भी बेलग्रेड और ब्रसेल्स के बीच तनाव का कारण है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय