नाइजीरिया ने जिम्बाब्वे को हराकर किया अंडर-19 महिला टी20 विश्वकप के लिए क्वालीफाई

युगवार्ता    07-Sep-2026
Total Views |
शॉट लगातीं नाइजीरियाई बल्लेबाज क्रिस्टाबेल चुक्वुओन्ये


दार एस सलाम, 07 सितंबर (हि.स.)। नाइजीरिया ने रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को चार रन से हराकर अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालीफायर का खिताब जीत लिया और अगले साल होने वाले मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया।

नाइजीरिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 98 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 19.5 ओवर में 94 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ नाइजीरिया ने क्वालीफायर अभियान में अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखा और अगले साल बांग्लादेश और नेपाल में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली अफ्रीका की दूसरी टीम बन गई। दक्षिण अफ्रीका पहले ही जगह बना चुका है।

नाइजीरिया की कप्तान 17 वर्षीय क्रिस्टाबेल चुकवुओन्ये ने कहा, “मैच खत्म होने के बाद मैं रो पड़ी, क्योंकि मैं वास्तव में अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर पा रही थी। अगला चरण अभी शुरुआत है और हम जानते हैं कि वहां चुनौती और कठिन होगी। मेरी टीम ने वास्तव में शानदार प्रदर्शन किया है।”

उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों ने कोचों की बात मानी, एकजुट रहीं और आखिरी ओवर में दबाव के बावजूद अपना संयम बनाए रखा। मैं इस ट्रॉफी को हाथ में लेकर यहां नहीं होती अगर मुझे कोचिंग स्टाफ और अपनी खिलाड़ियों का समर्थन नहीं मिला होता। मैं उन सभी की बहुत आभारी हूं।”

चुकवुओन्ये ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 21 रन बनाए और टीम को 98 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। नाइजीरिया की पारी में तीन रन आउट भी हुए। इसके बाद उसैन पीस ने जिम्बाब्वे के शीर्ष क्रम को अकेले ही झकझोर दिया और लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम को शुरुआती झटके दिए। बाद में नाइजीरिया की अन्य गेंदबाजों ने भी योगदान दिया और जिम्बाब्वे को 94 रन पर समेट दिया।

यह दूसरा मौका है जब नाइजीरिया ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। इससे पहले टीम 2025 में भी विश्व कप में खेली थी। उस संस्करण में नाइजीरिया ने तीन पूरे हुए मुकाबलों में दो जीत दर्ज की थीं, जबकि दो मुकाबले बारिश के कारण धुल गए थे। उसका सबसे यादगार प्रदर्शन न्यूजीलैंड के खिलाफ रहा था, जहां नाइजीरिया ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में 65 रन का बचाव करते हुए जीत हासिल की थी।

नाइजीरिया के अलावा अमेरिका ने अमेरिका क्षेत्र, समोआ ने पूर्वी एशिया-प्रशांत क्षेत्र और संयुक्त अरब अमीरात ने एशिया क्षेत्र के क्वालीफिकेशन मार्ग से अगले साल के टूर्नामेंट में जगह बनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags