
नई दिल्ली, 08 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने मंगलवार को केंद्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, मंत्री गिरिराज सिंह को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वे कपड़ा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई पहल कर रहे हैं। यह सेक्टर भारतीय विरासत से गहराई से जुड़ा है और आत्मनिर्भरता के हमारे विज़न को पूरा करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
ओम बिरला ने कहा कि वह ईश्वर से आपके स्वस्थ, प्रफुल्लित और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि वे जमीन से जुड़ कर बड़ी कर्मठता से देश और समाज के विकास के लिए काम कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखे और दीर्घायु करें।
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने और बुनकरों व कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आप सराहनीय कार्य कर रहे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवम राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ईश्वर से गिरिराज सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना करते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गिरिराज के उत्तम स्वास्थ्य, सुखी जीवन एवं दीर्घायु की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी