एशियाई खेल 2026: खिताब बचाने भारतीय टीम जापान रवाना, 20 सितंबर को इंडोनेशिया से पहला मुकाबला

08 Sep 2026 22:55:53
भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार शाम एशियाई खेल 2026 के लिए जापान रवाना हुई।


नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार शाम एशियाई खेल 2026 में अपने खिताब का बचाव करने के लिए जापान रवाना हो गई। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम 19 सितंबर से 04 अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले खेलों में हिस्सा लेगी। हॉकी मुकाबले नागोया से करीब 35 किलोमीटर दूर काकामिगहारा में खेले जाएंगे।

भारतीय टीम पिछले महीने नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित एफआईएच हॉकी विश्व कप में आठवें स्थान पर रहने की निराशा को पीछे छोड़कर एशियाई खेलों पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगी। इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा। ऐसे में भारत के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।

हरमनप्रीत सिंह ने रवाना होने से पहले कहा कि टीम का लक्ष्य आगे के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय एक-एक मुकाबले पर ध्यान देना और हर मैच के साथ बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने माना कि प्रतियोगिता में कोई भी मुकाबला आसान नहीं होगा और टीम को नॉकआउट चरण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए लगातार सुधार करना होगा।

चार बार की एशियाई खेल चैंपियन भारत को पूल-ए में मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। भारत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगा और 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ पूल चरण का अंतिम मुकाबला खेलेगा।

सेमीफाइनल 01 अक्टूबर और फाइनल 03 अक्टूबर को होगा। भारत की नजर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण जीतकर एशिया में अपना दबदबा कायम रखने और ओलंपिक का टिकट हासिल करने पर होगी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0