महाराष्ट्र के गोंदिया में मजदूरों से भरी बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, मध्य प्रदेश के छह लोगों की मौत

08 Sep 2026 19:17:53
मजदूरों से भरी बोलेरो को टक्कर मारने के बाद पलटा हुआ ट्रक


- बालाघाट के हैदराबाद जा रहे थे मजदूर, सात घायल

बालाघाटभोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र में गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के पास सोमवार की दरमियानी रात मजदूरों से भरी बोलेरो को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक तीन साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। इस हादसे में सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें गोंदिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक और घायल बालाघाट के रहने वाले हैं।

बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के ग्राम किन्ही, लोढामा, पिपलगांव और पल्हेरा के लोग मजदूरी करने के लिए बोलेरो वाहन से हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार की रात करीब 12 से एक बजे के बीच महाराष्ट्र के गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के नागरा में यह हादसा हो गया। मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया और बुलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बुलेरो में चालक के अलावा कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक बच्ची ने बाद में दम तोड़ दिया।

गोंदिया ग्रामीण थाना प्रभारी वैभव पंवार ने बताया कि दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि बोलेरो चालक समेत आठ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गोंदिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संतोष (38) पुत्र तिलकचंद मात्रे, सुशीला (35) पत्नी संतोष मात्रे, रूपसेन (35) पुत्र तेजलाल सतेकर, ज्योति (32) पत्नी रूपसेन सतेकर, किरण (26) पत्नी संतोष वैद्य और आरूष मात्रे (3 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी पंवार के अनुसार, हादसे में राकेश (24) पुत्र राजकुमार बाहे, संतोष (35) पुत्र चैतराम वैद्य, संगीता (35) पत्नी भूमेश्वर मात्रे, भूमेश्वर (37) पुत्र दुलीचंद मात्रे, राजेंद्र (45) पुत्र शिवचरण पांचाले, लक्ष्मी (42) पत्नी राजेंद्र पांचाले और वाहन चालक संदीप पुत्र रुपलाल बाहे घायल हुए हैं, जिनका गोंदिया के अस्पताल में इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0