'डोंट बी शाय' का नया गाना 'तेरे संग' रिलीज

08 Sep 2026 13:52:53
तेरे संग - फोटो सोर्स एक्स


'डोंट बी शाय' का नया गाना 'तेरे संग' रिलीज हो गया है। टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत इस रोमांटिक ट्रैक को अरमान मलिक और याशस्वी दासाने ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत राम संपत ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल राम संपत और देवांश वैद्य ने लिखे हैं। गाना पहली मोहब्बत के उस खूबसूरत एहसास को बयां करता है, जब किसी खास इंसान के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताने की इच्छा होने लगती है।

'तेरे संग' में कॉलेज क्रश और टीनएज रोमांस की दुनिया को दिखाया गया है। गाने में प्यार होने का एहसास, किसी खास शख्स के सामने आने पर होने वाली घबराहट और उसके साथ बिताए छोटे-छोटे पलों की खुशी को खूबसूरती से पेश किया गया है। अरमान मलिक की सोलफुल आवाज और याशस्वी दासाने की मधुर आवाज इस रोमांटिक ट्रैक को खास बनाती है। अरमान ने कहा कि यह गाना उस प्यार को खूबसूरती से बयां करता है, जिसमें इंसान हर पल अपने पसंदीदा व्यक्ति के साथ बिताना चाहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक भी गाने की गर्माहट और भावनाओं से जुड़ पाएंगे।

आरुषि बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाटी अभिनीत 'डोंट बी शाय' दोस्ती, क्रश, प्यार और बड़े होने की कहानी है। फिल्म 20 वर्षीय श्यामिली 'शाय' दास की जिंदगी पर आधारित है, जिसे लगता है कि उसने अपनी जिंदगी पूरी तरह व्यवस्थित कर रखी है, लेकिन अचानक आए एक मोड़ से उसकी योजनाएं बदलने लगती हैं। श्रीति मुखर्जी के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म को आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। ग्रीष्मा शाह और विकेश भूटानी इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अलवा नाईक भी अहम भूमिकाओं में हैं। 'डोंट बी शाय' का प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0