कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

08 Sep 2026 19:32:53
राहुल का स्वागत करते कार्यकर्ता


रायबरेली, 08 सितम्बर (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम रायबरेली पहुंचे। महाराजगंज में लाही बॉर्डर पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। हालांकि निर्धारित कार्यक्रम में देरी होने से राहुल गांधी का काफिला कई जगहों में नहीं रुका और कुछ समय के लिये लाही बॉर्डर पर स्वागत के बाद आगे के लिए रवाना हो गया।

राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा मंगलवार से शुरू हाे रहा है। वे अपने दौरे के पहले दिन आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे, जबकि 9 सितंबर को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सांसद राहुल गांधी इस बार सीधे ग्रामीण इलाकों का रुख करेंगे और वह जलभराव से प्रभावित शिवगढ़ और महराजगंज क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेस जिला संगठन राहुल गांधी के जनसंपर्क के लिए विशेष रूट प्लान तैयार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय लोगों से उनका संवाद हो सके।

राहुल गांधी के दौरे व 'दिशा' की बैठक को देखते हुए जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है। परियोजना निदेशक (पीडी) मुनीश चंद्र ने बताया कि 9 सितंबर की बैठक को लेकर सभी संबंधित विभागों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट और पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या मांगी गई है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Powered By Sangraha 9.0