अभिनेता राजेश शर्मा ने कीड़े के काटने की खबरों पर बताई सच्चाई

08 Sep 2026 16:36:53
राजेश शर्मा - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता राजेश शर्मा कुछ समय पहले उस वक्त चर्चा में आ गए थे, जब उनके कीड़े के काटने के बाद अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई थी। जुलाई में निर्देशक सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि प्रभास अभिनीत फिल्म 'फौजी' के सेट पर राजेश को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी थी। अब राजेश शर्मा ने खुद इस खबर पर सफाई देते हुए इसे गलत बताया है।

एक बातचीत में राजेश ने स्पष्ट किया कि 'फौजी' के सेट पर उनके साथ कीड़े के काटने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि उनके दाहिने पैर में लंबे समय से त्वचा संबंधी समस्या थी, जो बाद में संक्रमण में बदल गई। उन्होंने कहा कि प्रभास या उनकी टीम इस मामले के लिए किसी भी तरह जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग के दौरान भी उनके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। प्रभास व उनकी टीम को उन्होंने अच्छा बताया।

सुदीपा चटर्जी की पोस्ट पर भी राजेश ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि सुदीपा उनकी अच्छी दोस्त हैं और चिंता के कारण उन्होंने वह पोस्ट की थी, लेकिन उन्हें गलत जानकारी मिली थी। अभिनेता के मुताबिक, कोलकाता लौटने के बाद उनकी परेशानी बढ़ गई और डायबिटीज बढ़ने के कारण संक्रमण गंभीर हो गया। हालांकि, अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और वह जल्द ही शूटिंग पर लौट सकते हैं।

गौरतलब है कि प्रभास अभिनीत 'फौजी' का निर्देशन हनु राघवपुडी ने किया है और फिल्म 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0