वेस्ट बैंक पर ब्रिटेन की कार्रवाई के साथ नहीं आएगा अमेरिका: रुबियो

08 Sep 2026 23:28:53

मियामी, 08 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका ने इजराइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में यहूदी बस्तियों से होने वाले व्यापार पर ब्रिटेन और अन्य पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों में शामिल होने से इनकार कर दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वाशिंगटन ब्रिटेन द्वारा उठाए गए कदमों को नहीं अपनाएगा।

रुबियो ने मियामी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका “स्पष्ट रूप से” ब्रिटेन जैसा कदम नहीं उठाएगा। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर विस्तार से टिप्पणी करने से परहेज किया।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने साथ ही वेस्ट बैंक में मौजूदा हालात को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस समय किसी भी तरह की अस्थिरता पैदा करने वाली स्थिति नहीं होनी चाहिए, खासकर ऐसे समय में जब पूरे क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है।

ब्रिटेन ने मंगलवार को वेस्ट बैंक की इजराइली बस्तियों से होने वाले सामान के आयात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। फ्रांस और कनाडा ने भी इसी तरह के कदमों की घोषणा की है। ब्रिटिश सरकार ने बस्तियों के विस्तार और वहां बढ़ती हिंसा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।

ब्रिटेन की घोषणा के बाद इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए यरुशलम स्थित ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास बंद करने की घोषणा की है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0