

- महिला वर्ग में केन्या की 2022 की विजेता इरिन चेप्ताई आकर्षण का केंद्र होंगी
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टार एथलीटों की घोषणा कर दी गई है। विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस का आयोजन 18 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा। पुरुष वर्ग में इथियोपिया के दो बार के चैंपियन बिरहानु लेगेसे और महिला वर्ग में केन्या की 2022 की विजेता इरिन चेप्ताई आकर्षण का केंद्र होंगी।
प्रोकैम इंटरनेशनल की ओर से मंगलवार को घोषित एलीट खिलाड़ियों की सूची में बिरहानु लेगेसे 58 मिनट 59 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सबसे तेज धावक हैं। महिला वर्ग में इरिन चेप्ताई का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 64 मिनट 53 सेकंड है।
इस प्रतिष्ठित दौड़ में दुनिया के शीर्ष दूरी के धावक हिस्सा लेंगे। कुल पुरस्कार राशि 2,75,732 अमेरिकी डॉलर रखी गई है, जबकि पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को 27,000-27,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। दोनों वर्गों में दसवें स्थान तक के धावकों को पुरस्कार राशि दी जाएगी। शीर्ष भारतीय धावकों के लिए अलग प्रोत्साहन राशि भी होगी। इसके अलावा अपने वर्ग का पिछला आयोजन रिकॉर्ड तोड़ने वाले एलीट धावक को 12,000 अमेरिकी डॉलर का रिकॉर्ड बोनस दिया जाएगा।
पुरुष वर्ग में बिरहानु लेगेसे के अलावा सात ऐसे धावक शामिल हैं, जिनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 60 मिनट से कम है। इससे इस साल की पुरुष दौड़ के बेहद प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है। केन्या के चार्ल्स माताता भी चुनौती पेश करेंगे, जो 2023 में दिल्ली हाफ मैराथन में उपविजेता रहे थे और इस साल इस्तांबुल हाफ मैराथन में भी दूसरे स्थान पर रहे।
इथियोपिया के डेरिबा टेस्फाये और मेलाकु बेलाचेव भी पुरुष वर्ग को मजबूती देंगे। डेरिबा रॉटरडैम मैराथन में दूसरे स्थान पर रहे हैं, जबकि मेलाकु ने 2026 हांगकांग मैराथन का खिताब जीता है।
दिल्ली लौटने को लेकर बिरहानु लेगेसे ने कहा, “पिछली बार मैं बेहद मामूली अंतर से पोडियम पर जगह बनाने से चूक गया था और इस बार उसकी भरपाई करने के लिए उत्सुक हूं। भारतीय राजधानी में दौड़ना हमेशा सुखद रहा है। मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं और इस साल रेस के दिन से पहले शानदार फॉर्म हासिल करने पर ध्यान दे रहा हूं।”
महिला वर्ग में इरिन के सामने कड़ी चुनौती
महिला वर्ग में 2022 की विजेता इरिन चेप्ताई को इस बार कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। पिछले साल की रजत पदक विजेता इथियोपिया की मेलाल सियोउम बिरातु और 2024 की उपविजेता केन्या की सिंथिया लिमो भी खिताब की दौड़ में होंगी। इरिन चेप्ताई ने कहा, “मैं जानती हूं कि वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में कई युवा धावक हिस्सा लेने वाले हैं। लेकिन मेरे पास दिल्ली में दौड़ने का अनुभव है और मुझे भरोसा है कि मैं पोडियम के लिए चुनौती पेश कर सकती हूं और यहां अपने दूसरे खिताब के लिए पूरी ताकत से लड़ सकती हूं।”
इरिन इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने फरवरी में दुबई में बुर्ज2बुर्ज हाफ मैराथन जीती थी और इसके बाद बोस्टन मैराथन में छठा स्थान हासिल किया। उनके हालिया प्रदर्शन उन्हें दिल्ली में खिताब की मजबूत दावेदार बनाते हैं।
प्रोकैम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह ने कहा, “वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के तीसरे दशक में प्रवेश करते हुए हमने रिकॉर्ड भागीदारी, नए आयोजन रिकॉर्ड और दुनिया के बेहतरीन एलीट खिलाड़ियों के दिल्ली के इस मार्ग पर अपनी छाप छोड़ने जैसे शानदार पड़ाव देखे हैं। हर संस्करण में स्तर ऊंचा हुआ है और इस साल भी इससे अलग होने की उम्मीद नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “21वें संस्करण के लिए तैयार किया गया एलीट मैदान वैश्विक दौड़ कैलेंडर में इस आयोजन की प्रतिष्ठा का प्रमाण है। बेहद प्रतिस्पर्धी खिलाड़ियों की मौजूदगी के साथ हमें उम्मीद है कि हर एथलीट अपनी सीमाओं को चुनौती देगा, मौजूदा मानकों को बेहतर करने की कोशिश करेगा और शानदार प्रदर्शन के जरिए दुनिया भर के धावकों को प्रेरित करेगा।”
इजराइल का प्रतिनिधित्व करने वाली केन्या में जन्मी लोनाह चेमताई सालपेटर भी खिताब की दावेदारों में शामिल हैं। उन्होंने 2022 विश्व एथलेटिक्स हाफ मैराथन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और यूरोपीय चैंपियनशिप में इजराइल के लिए कई पदक हासिल किए हैं।
इस वर्ष की वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में दुनिया के शीर्ष 36 एथलीट हिस्सा लेंगे। इनमें 18 पुरुष और 18 महिला धावक शामिल हैं, जो पुरुष और महिला वर्ग के खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे