दक्षिण एशियाई खेल 2027 में भारत की भागीदारी पर अभी फैसला नहीं, विदेश मंत्रालय ने साफ किया रुख

युगवार्ता    08-Sep-2026
Total Views |
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल


नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले 2027 दक्षिण एशियाई महासंघ खेलों में भारत की भागीदारी को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस संबंध में फैसला राष्ट्रीय खेल नीतियों और अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया जाएगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि सीमा पार खेल आयोजनों में भारत की भागीदारी का फैसला देश के खेल हितों और संबंधित अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के नियमों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। सरकार ने खेल संबंधों को लेकर एक स्पष्ट नीति तय की है। इसके तहत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय श्रृंखलाओं पर रोक रहेगी, जबकि बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी की अनुमति होगी।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच खेल संबंधों को लेकर चर्चा जारी है। मई में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल आयोजनों की अनुमति नहीं होगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकते हैं।

भारत अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी को बढ़ावा देने के लिए विदेशी खिलाड़ियों और अधिकारियों की यात्रा प्रक्रिया को भी आसान बना रहा है। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर पांच वर्ष की अवधि वाले बहु-प्रवेश वीजा की सुविधा देने की व्यवस्था की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags