
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.53 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 162.53 अंक यानी 0.21 प्रतिशत टूट कर 75,970.28 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 76,012.11 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि खरीदारी का यह दौर टिकाऊ नहीं हो सका। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की स्थिति कमजोर होती चली गई।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण सेंसेक्स गिर कर 75,714.61 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर लगाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 401.98 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,730.83 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 36.05 अंक यानी 0.15 प्रतिशत फिसल कर 23,743.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 15 अंक की रिकवरी कर 23,758.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण निफ्टी लुढ़कते हुए 23,664.70 अंक के स्तर तक आ गया।
इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 107.45 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,671.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,922 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,375 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,547 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एटरनल और कोल इंडिया के शेयर 2.10 प्रतिशत से लेकर 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर 1.39 प्रतिशत से लेकर 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,132.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक